रायपुर। राजधानी में अवैध कब्जों और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ नगर पालिक निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को नगर निगम जोन–8 की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टाटीबंध और सोनडोंगरी इलाके में करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस दौरान अवैध रूप से बनाई गई 18 दुकानों और 15 निर्माणाधीन मकानों को जमींदोज कर दिया गया।
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में पहली कार्रवाई वीर सावरकर नगर, वार्ड क्रमांक–1 में की गई। अटारी जाने वाले मार्ग और ट्रांसपोर्ट नगर टाटीबंध के समीप करीब 20 हजार वर्गफीट शासकीय भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध रूप से 18 दुकानों का निर्माण किया गया था। निगम की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से सभी दुकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
इसके बाद दूसरी बड़ी कार्रवाई पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड क्रमांक–2 के अवधपारा सोनडोंगरी क्षेत्र में की गई। यहां बिना अनुमति अवैध प्लॉटिंग कर करीब 15 मकानों का निर्माण किया जा रहा था। निगम की टीम ने इन निर्माणाधीन ढांचों को तोड़ते हुए अवैध रूप से काटी गई सड़कों को भी समाप्त किया।
जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना नक्शा पास कराए निर्माण और अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान में कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, उप अभियंता लोचन चौहान, अबरार खान सहित नगर निवेश विभाग का पूरा अमला मौजूद रहा।
