मुंबई। भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी बुधवार को सीमित दायरे में कारोबार करते हुए मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। क्रिसमस की छुट्टी से पहले निवेशकों की सतर्कता और कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण बाजार में सुस्ती देखने को मिली। तेल एवं गैस, फार्मा और आईटी सेक्टर में बिकवाली ने बाजार पर दबाव बनाए रखा।
कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 116.14 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 85,408.70 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 35.05 अंक या 0.13 प्रतिशत टूटकर 26,142.10 के स्तर पर आ गया। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, निफ्टी 26,100–26,130 के अहम सपोर्ट लेवल के आसपास टिके रहने में सफल रहा, जहां से हल्की खरीदारी देखने को मिली। हालांकि, जब तक निफ्टी 26,200 के ऊपर मजबूती से नहीं टिकता, तब तक बाजार में तेज उछाल की संभावना कम बनी रहेगी।
बीएसई पर ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट और मारुति सुजुकी के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई, जबकि टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल, सन फार्मा और एशियन पेंट्स के शेयरों में गिरावट रही। एनएसई पर ट्रेंट, श्रीराम फाइनेंस और अपोलो हॉस्पिटल्स में मजबूती दिखी, वहीं इंडिगो और डॉ. रेड्डीज लैब्स नुकसान में रहे।
सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स सबसे कमजोर रहा, जिसमें 0.76 प्रतिशत की गिरावट आई। फार्मा और मेटल सेक्टर भी दबाव में रहे। दूसरी ओर मीडिया इंडेक्स में 0.44 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। स्मॉलकैप शेयरों में हल्की मजबूती दिखी, जबकि मिडकैप इंडेक्स में गिरावट रही।
विशेषज्ञों का मानना है कि छुट्टियों के कारण आने वाले सत्रों में भी बाजार की चाल सुस्त रह सकती है और निवेशक वैश्विक संकेतों पर करीबी नजर बनाए रखेंगे।
