मुंबई । वैश्विक बाजार से मिले-जुले संकेतों के बीच मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार तेजी के साथ खुले। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन सेंसेक्स अपने पिछले बंद 84,065.75 से 144.25 अंक चढ़कर 84,210 पर खुला, जबकि निफ्टी 25,867.30 से 55.35 अंक बढ़कर 25,922.65 पर खुला।
सुबह करीब 9.22 बजे सेंसेक्स 137.67 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84,203.42 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 37.65 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,904.95 पर ट्रेड कर रहा था। इस दौरान निफ्टी एफएमसीजी और आईटी को छोड़कर अधिकांश सेक्टर हरे निशान में रहे।
व्यापक बाजार में भी मजबूती दिखी। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.21 प्रतिशत और स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.49 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। सेक्टरवार देखें तो निफ्टी फार्मा इंडेक्स में 0.46 प्रतिशत की तेजी रही, जबकि आईटी और पीएसयू बैंक इंडेक्स में करीब 0.2 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के टॉप गेनर्स में इटरनल, टाइटन, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, टीसीएस, सन फार्मा और पावर ग्रिड शामिल रहे। वहीं बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, इंडिगो, एचसीएल टेक, एचडीएफसी बैंक और एसबीआई के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
चॉइस ब्रोकिंग के टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट आकाश शाह के मुताबिक निफ्टी 25,700–25,800 के दायरे के ऊपर टिके रहने से मजबूत दिख रहा है। इसके लिए अगला रेजिस्टेंस 26,000 और उसके बाद 26,100 का स्तर माना जा रहा है। यदि निफ्टी 26,000 के ऊपर ब्रेकआउट देता है तो तेजी और बढ़ सकती है। नीचे की ओर 25,700 पहला सपोर्ट और 25,500 अगला अहम स्तर रहेगा। विशेषज्ञों ने निवेशकों को सतर्कता और सख्त रिस्क मैनेजमेंट के साथ ट्रेड करने की सलाह दी है।
