नई दिल्ली। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की शानदार पारियों के बाद अंत में ऋचा घोष के विस्फोटक अंदाज की बदौलत भारतीय महिला टीम ने चौथे टी20 मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह मैच भारत और श्रीलंका के बीच खेला जा रहा है।
ओपनिंग जोड़ी ने भारतीय पारी की मजबूत नींव रखी। शेफाली वर्मा ने 46 गेंदों में 79 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वहीं स्मृति मंधाना ने शानदार लय में बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों पर 80 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 3 छक्के देखने को मिले।
मध्यक्रम के बाद अंत में ऋचा घोष ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 16 गेंदों में नाबाद 40 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कप्तान हरमनप्रीत कौर भी 10 गेंदों पर 16 रन बनाकर नाबाद रहीं, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था।
गौरतलब है कि भारतीय टीम पहले ही लगातार तीन मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर चुकी है। अब उसकी नजरें चौथा मुकाबला जीतकर सीरीज में दबदबा कायम रखने पर हैं। वहीं श्रीलंकाई टीम की कोशिश बचे हुए मैच जीतकर सम्मान बचाने की होगी।
