रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस में जुआ खेलते हुए एक दर्जन से अधिक जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह संयुक्त कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना मुजगहन पुलिस द्वारा की गई, जिसमें आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन से निगरानी की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना मुजगहन क्षेत्र के आउटर इलाके में स्थित फार्म हाउसों में जुआ और पार्टियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी कड़ी में 28 दिसंबर 2025 को सूचना मिली कि हंसी खुशी फार्म हाउस में अवैध रूप से जुए का फड़ संचालित हो रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरे से निगरानी की, जिसमें ताशपत्ती के माध्यम से रुपये की हार-जीत करते लोग साफ नजर आए।
पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल रेड कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मौके से 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 12 हजार 600 रुपये नगद, 2 चारपहिया वाहन, 8 दोपहिया वाहन, 17 मोबाइल फोन और ताशपत्ती बरामद की गई। जप्त सामग्री की कुल कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई जा रही है।
सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं फार्म हाउस मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आगे भी इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
