रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट लागू होने के बाद राजधानी में सूखे नशे के कारोबार पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। पुराने एनडीपीएस मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में पश्चिम जोन के कबीर नगर थाना क्षेत्र के एक पुराने मामले में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 27 दिसंबर 2025 को कबीर नगर फेस-1 में पति-पत्नी को घर से हेरोइन बेचते हुए पकड़ा गया था। तब हरप्रीत कौर से 16.01 ग्राम और जोधा सिंह से 8.06 ग्राम हेरोइन जब्त की गई थी। इस मामले में सुखराज सिंह और सत्यम चंद्राकर फरार चल रहे थे।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि सुखराज सिंह ने खारून नदी रेलवे ब्रिज के नीचे जमीन में 7.12 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) छिपाकर रखी थी। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.40 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में 27 वर्षीय सुखराज सिंह (भिलाई) और 28 वर्षीय सत्यम चंद्राकर (रायपुर) शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
