नई दिल्ली। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग से जुड़ी एक कथित लेडी डॉन खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसे ड्रग्स सिंडिकेट और अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में पकड़ा गया। वह गैंग के कथित गनमैन बॉबी कबूतर उर्फ महफूज की करीबी बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार बॉबी कबूतर अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा रहा है और कई चर्चित आपराधिक मामलों में संदिग्ध भूमिका में रहा है, जिनमें पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले की रेकी भी शामिल बताई जाती है। स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने महिपालपुर फ्लाईओवर के पास कार्रवाई करते हुए नेहा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अब ड्रग्स और हथियार सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है तथा आगे की पूछताछ जारी है।
