रायपुर। लंबे समय से फरार चल रहा कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और सूदखोर रोहित तोमर आखिरकार रविवार दोपहर पुलिस के सामने पेश हुआ। वह अपने वकील के साथ रायपुर के पुरानी बस्ती थाना पहुंचा, जहां उसकी मौजूदगी से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि रोहित तोमर शहर के अलग-अलग थानों में दर्ज कई मामलों के चलते लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रोहित तोमर के खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में 16 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें अवैध सूदखोरी, मारपीट, धमकी, जबरन वसूली और अन्य संगीन अपराध शामिल हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद वह फरार चल रहा था, जिससे पीड़ितों में भय का माहौल बना हुआ था।
रविवार को अचानक उसके थाने पहुंचने से कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रोहित तोमर से जुड़े सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई नियमों के तहत की जाएगी। उसके आत्मसमर्पण या गिरफ्तारी को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए पुलिस कानूनी पहलुओं पर विचार कर रही है।
फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ की तैयारी में जुटी है। माना जा रहा है कि इस मामले में आने वाले दिनों में बड़े खुलासे हो सकते हैं।
