रायपुर। राजधानी में वेलेंटाइन डे के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कमिश्नरेट क्षेत्र के प्रमुख पार्क, गार्डन और मॉल में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर पुरुष और महिला पुलिसकर्मी संयुक्त रूप से तैनात रहेंगे।
पिछले वर्ष क्रिसमस के दौरान मैगनेटो मॉल में हुए उत्पात को ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ऊर्जा पार्क, जोरा मॉल, सिटी सेंटर मॉल, गांधी उद्यान, मोतीबाग गार्डन, कलेक्ट्रेट गार्डन, निगम गार्डन और राम मंदिर सहित कई स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले असामाजिक तत्वों, मनचलों या किसी भी समूह द्वारा अनावश्यक हस्तक्षेप करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
