झारसुगुड़ा । जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के पास तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक तेज रफ्तार में सामने से आ रहा था और अचानक बोलेरो से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वाहन में सवार जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मृतकों की पहचान एपीआर (आर्म्ड पुलिस रिजर्व) के जवान काशीराम भोई, देवदत्त सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा के रूप में हुई है। सभी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे में तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तुरंत रेस्क्यू कर जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। अतिरिक्त एसपी मधुस्मिता मिश्रा ने बताया कि ट्रक चालक भी घायल है और उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
