बिलासपुर। मोबाइल पर बात करते समय पैर फिसलने से छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। सिविल लाइन थाना टीआई एसआर साहू ने बताया कि मस्तूरी क्षेत्र के पेंड्री गांव निवासी प्रिया महेश्वरी (28), पिता मोहर साय, मगरपारा में किराए के मकान में रहती थी।
घटना 25 नवंबर 2025 की है, जब प्रिया अपने घर की छत पर मोबाइल फोन से किसी से बात कर रही थी। बातचीत के दौरान वह मोबाइल में व्यस्त हो गई और छत पर चलते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे वह नीचे गिर गई। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं।
परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए थे, जहां उसका उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान 20 दिसंबर 2025 को उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
