रायपुर। मौदहापारा थाना क्षेत्र में 16 मार्च की शाम तालाब पार बीटीएस चौक के पास पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया गया। आरोपियों रवि रक्सेल, हर्ष कोसले, लोकेश रक्सेल, अभय रक्सेल और जय कोसले ने मोहम्मद अल्ताफ और राशिद अली को निशाना बनाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सुरक्षित कर अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास और बलवा की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। घटना के बाद मरही माता मंदिर के सामने कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई, जहां पथराव और तलवार लहराने की घटनाएं भी सामने आईं।
स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
