रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत 23 दिसंबर को प्रारूप मतदाता सूची जारी की जाएगी। इस प्रक्रिया का सबसे बड़ा असर रायपुर जिले में देखने को मिला है, जहां करीब पांच लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने की स्थिति बनी है। राज्य में रायपुर ऐसा एकमात्र जिला है, जहां इतने बड़े पैमाने पर नामों का सत्यापन असफल रहा है।
रायपुर जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 18 लाख 92 हजार 523 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण के दौरान 4 लाख 94 हजार 485 मतदाता सत्यापन में नहीं पाए गए। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार 79,405 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 2,88,222 मतदाता जिले से बाहर स्थानांतरित हो गए हैं। इसके अलावा 1,291 नाम डुप्लीकेट पाए गए हैं। 1,12,109 मतदाताओं का पता न मिलने के कारण उन्हें सी-श्रेणी में रखा गया है, जिन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।
23 दिसंबर से प्रारूप मतदाता सूची निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और वोटर हेल्पलाइन ऐप पर उपलब्ध होगी। जिन मतदाताओं के नाम सूची में नहीं मिलेंगे, वे 22 जनवरी 2026 तक फॉर्म-6 भरकर दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। प्रशासन ने मतदाताओं से समय रहते नाम जांचने की अपील की है।
