छत्तीसगढ़देश दुनियां

भटगांव के 97 गांवों में पहुंचेगी बिजली, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से 11.62 करोड़ की विद्युत विस्तार परियोजना मंजूर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत भटगांव विधानसभा क्षेत्र के 97 गांवों में 11.62 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत विस्तार कार्य स्वीकृत किया गया है। इस परियोजना से सूरजपुर जिले के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के हजारों परिवारों को बिजली सुविधा का लाभ मिलेगा।

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए विद्युत पहुंच बढ़ाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत भटगांव विधानसभा क्षेत्र के 97 गांवों में विद्युत विस्तार कार्य को मंजूरी मिल गई है।

करीब 11.62 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के माध्यम से सूरजपुर जिले के दूरस्थ गांवों और जनजातीय बस्तियों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद हजारों ग्रामीण परिवारों को बिजली की सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा।

राज्य शासन के अनुसार, विकासखंड भैयाथान के 36 गांवों के लगभग 109 मोहल्लों/पारों, विकासखंड ओड़गी के 32 गांवों के करीब 68 मोहल्लों/पारों तथा विकासखंड सूरजपुर के 29 गांवों के लगभग 53 मोहल्लों/पारों में विद्युत विस्तार का कार्य किया जाएगा।

यह योजना विशेष रूप से उन ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जहां अब तक पर्याप्त बिजली सुविधा उपलब्ध नहीं थी। बिजली पहुंचने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य, पेयजल व्यवस्था, कृषि गतिविधियों तथा ग्रामीण स्वरोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास की रोशनी को अंतिम छोर तक पहुंचाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना भटगांव विधानसभा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देगी।

उन्होंने कहा कि “हर घर और हर आंगन तक बिजली पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे ग्रामीण जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं साकार होंगी।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button