देश दुनियां

DRDO ने पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का सफल परीक्षण किया

नई दिल्ली । रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने सोमवार को ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (ITR) में पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट (LRGR) का सफल परीक्षण कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस रॉकेट की मारक क्षमता लगभग 120 किलोमीटर बताई जा रही है। परीक्षण के दौरान रॉकेट ने तय मानकों के अनुरूप सभी मैन्यूवर पूरे किए और उच्च सटीकता के साथ लक्ष्य को भेदा।

पिनाका LRGR को आर्मामेंट रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट ने हाई एनर्जी मैटीरियल्स रिसर्च लेबोरेटरी के सहयोग से डिजाइन किया है। वहीं, डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट लेबोरेटरी और रिसर्च सेंटर इमारत ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। परीक्षण की जिम्मेदारी ITR और प्रूफ एंड एक्सपेरिमेंटल एस्टेब्लिशमेंट के पास थी।

परीक्षण के दौरान रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और DRDO के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत मौजूद रहे। उन्होंने मिशन की सफलता पर वैज्ञानिकों और सभी सहयोगी टीमों को बधाई दी। यह रॉकेट इन-सर्विस पिनाका लॉन्चर से दागा गया, जिससे एक ही लॉन्चर से विभिन्न रेंज के पिनाका वेरिएंट लॉन्च करने की क्षमता साबित हुई।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस सफलता पर DRDO और सभी स्टेकहोल्डर्स को बधाई दी और इसे सशस्त्र बलों की क्षमता बढ़ाने वाला “गेम चेंजर” बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button