फिल्म धुरंधर की रिलीज को तीन सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। वीकेंड आते ही एक बार फिर रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया और चौथे रविवार को बंपर कलेक्शन के साथ बाजी मार ली।
रिलीज के 24वें दिन भी धुरंधर ने धुआंधार कमाई करते हुए दर्शकों और ट्रेड एनालिस्ट्स को हैरान कर दिया। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने चौथे रविवार को करीब 25 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इतने लंबे समय बाद भी इस तरह की कमाई यह साफ संकेत देती है कि फिल्म का क्रेज अभी बरकरार है।
24वें दिन की कमाई को जोड़ने के बाद धुरंधर का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 730 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। इससे पहले यह फिल्म हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है और अब हर गुजरते दिन के साथ नए रिकॉर्ड कायम कर रही है। यह रिकॉर्ड पहले शाहरुख खान की 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म जवान (643 करोड़) के नाम था।
धुरंधर के शानदार प्रदर्शन का असर नई रिलीज फिल्मों पर भी पड़ा है। कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की फिल्म तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी की ओपनिंग वीकेंड कमाई के बराबर कलेक्शन धुरंधर ने 24वें दिन ही कर दिखाया, जिससे इसकी मजबूत पकड़ का अंदाजा लगाया जा सकता है।
