बिलासपुर। जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें CRPF के एक जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक परिचित गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लालखदान ओवरब्रिज के पास हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार जवान को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि CRPF जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं साथ मौजूद परिचित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
मृतक जवान की पहचान मनीष आदिले के रूप में हुई है, जो हरदीबाजार क्षेत्र के जोरहाडबरी का निवासी बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
