सारंगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर और सारंगढ़ में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे सुबह 10 बजे रायपुर के मरीन ड्राइव तेलीबांधा में आयोजित वीर बाल रैली कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद दोपहर लगभग 12.30 बजे मुख्यमंत्री साय सारंगढ़ के लिए रवाना होंगे, जहां वे गुरु घासीदास रजत जयंती समारोह कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर 2 बजे वे गुरु घासीदास की ज्ञान स्थली पुष्प वाटिका पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे और शाम 3 बजे राजधानी रायपुर लौट आएंगे।
छोटे साहिबजादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह की अद्वितीय शहादत को समर्पित वीर बाल रैली का आयोजन 20 दिसंबर को किया जा रहा है। इस रैली में हजारों स्कूली छात्र-छात्राएं, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड, विभिन्न खेल संघों से जुड़े खिलाड़ी तथा स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी भाग लेंगे। रैली सुबह 9 बजे मरीन ड्राइव तेलीबांधा से प्रारंभ होगी, जिसमें गतका शौर्य प्रदर्शन, सिख बाल फौजें, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड और खिलाड़ी बड़ी संख्या में शामिल रहेंगे।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे, जबकि अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव और विजय शर्मा करेंगे। विशेष अतिथि के रूप में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा और समाज के वरिष्ठ बलदेव सिंह भाटिया उपस्थित रहेंगे। रैली के माध्यम से छोटे साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान और गुरु परंपरा के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा।
