मुंबई । सनी देओल की बहुप्रतीक्षित वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म रिलीज़ के तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर चुकी है और अब तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। इसके साथ ही ‘गदर 2’ के बाद ‘बॉर्डर 2’ सनी देओल के करियर की दूसरी फिल्म बन गई है, जिसने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
दर्शकों से मिले जबरदस्त वर्ड-ऑफ-माउथ का फायदा फिल्म को लगातार मिल रहा है। पहले हफ्ते में फिल्म ने 224.5 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी। दूसरे हफ्ते में कलेक्शन में गिरावट के बावजूद फिल्म ने 70.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया। तीसरे हफ्ते में भी फिल्म की पकड़ बनी हुई है। तीसरे शुक्रवार को 2.85 करोड़, शनिवार को 5.25 करोड़ और रविवार को 7.25 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई। वहीं, रिलीज़ के 18वें दिन यानी तीसरे सोमवार को फिल्म ने 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
इसके साथ ही फिल्म का कुल नेट कलेक्शन भारत में 311.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। ‘बॉर्डर 2’ ने दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर की ‘पद्मावत’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और अब सलमान खान की ‘बजरंगी भाईजान’ तथा ऋतिक रोशन की ‘वॉर’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ने की ओर बढ़ रही है।
गौरतलब है कि ‘बॉर्डर 2’ वर्ष 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
