बिलासपुर। कुदुदंड स्थित मातृछाया में रह रही एक वर्षीय बच्ची उमा को अमेरिका के जस्टिन माइकल लोंगोलिन दंपती ने गोद लिया है। सभी कानूनी और औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद गुरुवार को बच्ची को दंपती को सौंप दिया गया, जिसके बाद वे उसे लेकर अमेरिका रवाना हो गए। आने वाले वर्षों में मातृछाया की टीम बच्ची की नियमित मॉनिटरिंग करती रहेगी।
बच्ची को सौंपने से पहले मातृछाया परिसर में पारंपरिक गोद भराई की रस्म निभाई गई। इस दौरान तिलक लगाकर गोद में चावल और नारियल रखे गए और विधि-विधान से कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बच्ची को दंपती के सुपुर्द किया गया।
यह पूरी प्रक्रिया केंद्रीय दत्तक ग्रहण अभिकरण (CARA) के पोर्टल के माध्यम से पूरी की गई। मातृछाया की सह सचिव लता गुप्ता ने बताया कि विदेश में गोद दिए गए बच्चों की नियमित निगरानी की जाती है। उमा के मामले में भी समिति समय-समय पर वीडियो कॉल के जरिए बच्ची और उसके दत्तक माता-पिता से संपर्क में रहेगी।
सह सचिव ने बताया कि मातृछाया की स्थापना वर्ष 2004 में हुई थी। अब तक यहां 600 से अधिक बच्चे छोड़े गए, जिनमें से 80 से ज्यादा बच्चों को उनके परिजनों से मिलाया गया और करीब 500 बच्चों को गोद दिलाया जा चुका है। उमा मातृछाया से विदेश गोद लिए जाने वाला 46वां बच्चा है। वर्तमान में मातृछाया में कुल 17 बच्चे रह रहे हैं, जिनमें 10 छोटे बच्चे और 6 वर्ष से अधिक उम्र के 7 बच्चे शामिल हैं।
