महासमुंद। जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी नाका के पास नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध कार (CG 04 PY 7882) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में रखे तीन बैगों से 21.089 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए, जिनकी कीमत लगभग 54 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।
कार में सवार विरेन्द्र प्रधान (50 वर्ष) और टिकेश कुमार साहू (38 वर्ष), दोनों रायपुर के निवासी हैं। जब पुलिस ने आभूषणों के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने धारा 94 BNSS के तहत दोनों को नोटिस जारी करते हुए चांदी के आभूषण और कार को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि दोनों आरोपी ओडिशा से रायपुर की ओर जा रहे थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आभूषण कहां से लाए गए थे और उनका उद्देश्य क्या था। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
