दंतेवाड़ा । जिले में वन्यजीवों के प्रति क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने महाराष्ट्र के राजकीय पशु ‘शेकरू’ (बड़ी गिलहरी) का शिकार कर उसकी रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग हरकत में आया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बारसूर थाना क्षेत्र के रहने वाले बंशी राम कवासी ने अपने साथियों के साथ मिलकर जंगल में 9 शेकरू का शिकार किया। उसने पेड़ों और जमीन पर खाने का सामान रखकर शेकरू को आकर्षित किया और फिर गुलेल से मारकर उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद घर लाकर रील बनाई और सभी को पकाकर खा लिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने जांच शुरू की। डीएफओ के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई और अबूझमाड़ क्षेत्र से उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि इस शिकार में 10 अन्य लोग भी शामिल थे, जिनकी तलाश जारी है। वन विभाग ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
