रायपुर। रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में गांजा बिक्री को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देवार डेरा इलाके में बदमाशों ने करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अवैध गांजा बिक्री को लेकर कुछ लोग आपत्ति जता रहे थे। इसी सिलसिले में सिख समाज के कुछ लोग समझाइश देने पहुंचे थे, लेकिन इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गांजा बेचने से मना करने पर बदमाशों ने लाफसिंह नामक बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
घायल बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देवार डेरा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध गतिविधियां और नशे का कारोबार जारी है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
