रायपुर। छत्तीसगढ़ में मार्च 2024 और मार्च 2025 के बजट में घोषित 9 नए जिलों में सायबर थाने खोलने की अधिसूचना नवंबर में जारी कर दी गई है। पीएचक्यू ने आदेश जारी किए हैं और उम्मीद है कि जनवरी 2026 तक ये थाने शुरू हो जाएंगे। वर्तमान में राज्य में पांच रेंज स्तरीय सायबर थाने संचालित हो रहे हैं, जिन पर केस का दबाव अधिक है। नए जिलों के सायबर थानों के खुलने से इन रेंज थानों पर दबाव कम होने की संभावना है।
नई थानों में बलौदाबाजार, धमतरी, महासमुंद, कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चाम्पा और जशपुर शामिल हैं। रायपुर रेंज में चार थाने होंगे। अभी रेंज सायबर थानों के लिए नियमित स्टाफ नहीं है, इसलिए डीएसपी, निरीक्षक और अन्य स्टाफ की अस्थायी तैनाती की जा रही है।
राज्य में अब तक 2782 पुलिसकर्मियों और अभियोजन अधिकारियों को सायबर, महिला व बाल अपराधों की विवेचना का प्रशिक्षण दिया गया है। फर्जी सिम विक्रेताओं और म्यूल एकाउंट मामलों में कुल 1116 लोगों पर कार्रवाई हुई है। 28,946 मोबाइल नंबर और 10,409 आईएमईआई अवरुद्ध किए गए, जबकि हेल्पलाइन 1030 के जरिए 82.5 करोड़ रुपए अपराधियों के हाथों से पहले ही रोके गए।
