रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न थाना प्रभारियों द्वारा असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों और संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार चेकिंग की जा रही है।
इसी दौरान खमतराई थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पुराना डीआरएम ऑफिस डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर हवा में लहराते हुए लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेंद्र टांडी उर्फ एमडी (19 वर्ष) निवासी जागृति नगर आरबीएच कॉलोनी, थाना खमतराई, जिला रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे गवाहों के सामने जब्त कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध क्रमांक 159/26 दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
