रायपुर। राजधानी में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान के दौरान एक युवक ने जमकर हंगामा कर दिया। नशे में वाहन चला रहे चालक ने ट्रैफिक टीआई से बदसलूकी करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस टीम ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक वाहन चालक को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वह नशे की हालत में पाया गया। पुलिस कार्रवाई शुरू होते ही चालक बहस करने लगा और खुद को भाजपा मंडल अध्यक्ष बताते हुए टीआई को वर्दी उतरवाने तक की धमकी दे डाली।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात जवानों के साथ गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की करते हुए एक जवान की वर्दी भी फाड़ दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी विकास शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
