बलोदाबाजार। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर की ओर जा रही एक यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार हादसा सिमगा थाना क्षेत्र के दरचूरा गांव के पास हुआ। घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। इसी दौरान युवा कांग्रेस बिलासपुर के नेता राज यादव भी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद में लग गए।
बताया जा रहा है कि हादसे में 10 से 12 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सिमगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
