रायपुर। आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर धान से लदे एक बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने भाग रहे आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जो नशे की हालत में वाहन चला रहा था।
जानकारी के अनुसार, कुंतीबाई लोधी अपने रिश्तेदारों के साथ शादी समारोह में शामिल होने आरंग आई थीं। कार्यक्रम के बाद वे ग्राम गुल्लू निवासी नंदकिशोर लोधी और उसकी मां राजकुमारी लोधी के साथ बाइक से वापस गांव लौट रही थीं। इसी दौरान बजरंग केमिकल डिस्टलरी कंपनी के पास सामने से आ रहे धान से भरे ट्रक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कुंतीबाई लोधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नंदकिशोर और राजकुमारी लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान नंदकिशोर ने भी दम तोड़ दिया। राजकुमारी लोधी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
