महासमुंद। जिले के प्रसिद्ध चंडी माता मंदिर घुंचापाली-बागबाहरा में कुछ युवकों द्वारा उपद्रव और मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 3 से 4 युवक नशे की हालत में मंदिर परिसर पहुंचे और वहां दहशत फैलाते हुए पुजारी तथा सेवादारों के साथ मारपीट की।
जानकारी के अनुसार चंडी पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर भालुओं के प्रतिदिन आने के लिए भी प्रसिद्ध है और शाम के समय यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी दौरान कुछ युवक मंदिर परिसर में पहुंचे और चाकू लहराते हुए उत्पात मचाने लगे। आरोपियों ने मंदिर के पुजारी और सेवादारों के साथ मारपीट की, जिससे परिसर में मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
