रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देशन में थाना सिविल लाइन पुलिस ने प्राइवेट कार्यालय में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी हुआ सामान जब्त किया गया है, जिसमें एक मोबाइल फोन और दो लैपटॉप शामिल हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 5 मार्च 2026 को प्रार्थी सुनील कुमार केसवानी ने रविनगर राजातालाब स्थित अपने सीए कार्यालय में ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन 6 मार्च को कार्यालय लौटने पर उन्होंने पाया कि केबिन का दराज टूटा हुआ है और अंदर रखा सामान बिखरा हुआ है। साथ ही दो लैपटॉप, एक मोबाइल फोन और दो चांदी के सिक्के गायब थे। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। मुखबिर की सूचना पर तीनों बालकों को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो लैपटॉप बरामद कर लिए हैं। तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस ने कहा कि राजधानी में अपराध पर कड़ी नजर रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।
