रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। सोमवार को राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड, छत्तीसगढ़ और विदर्भ से होते हुए बिहार से मराठवाड़ा तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। हालांकि इसके बावजूद प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क ही रहने की संभावना है। अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा और यह सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक बना रह सकता है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने शहर में दिन के समय हल्की धुंध रहने की भी संभावना जताई है। साथ ही लोगों को बढ़ती गर्मी के बीच सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
