नई दिल्ली। होली के मौके पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। इस दौरान ड्रंक ड्राइविंग के 1,200 से अधिक मामलों में चालान किए गए। वहीं अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर भी 3,725 चालान काटे गए।
पुलिस के अनुसार त्योहार के दौरान सड़क हादसों को रोकने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शहरभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर बैरिकेड लगाकर वाहनों को रोका गया और चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई।
आंकड़ों के मुताबिक ड्रंक ड्राइविंग के सबसे ज्यादा 297 मामले वेस्टर्न रेंज (द्वारका, आउटर और वेस्ट जिला) में दर्ज किए गए। इसके बाद सेंट्रल रेंज में 257, नॉर्दर्न रेंज में 256, ईस्टर्न रेंज में 208, साउदर्न रेंज में 117 और न्यू दिल्ली रेंज में 69 मामले सामने आए।
ड्रंक ड्राइविंग के अलावा बिना हेलमेट, सीट बेल्ट न लगाने, ट्रिपल राइडिंग और ओवरस्पीडिंग जैसे मामलों में भी हजारों चालान किए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
