रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क हादसों को रोकने और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 10 दिनों में शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान 614 वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया और उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसी अभियान के तहत 8 मार्च 2026 को तेलीबांधा थाना क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने छह अलग-अलग स्थानों पर जांच की, जहां 86 वाहन चालक नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान ऑडी और बीएमडब्ल्यू जैसी महंगी कारें भी पुलिस की जांच में शामिल रहीं।
पुलिस के अनुसार रायपुर में हर साल सड़क दुर्घटनाओं में करीब 600 लोगों की मौत हो जाती है। इनमें कई हादसों की मुख्य वजह नशे की हालत में वाहन चलाना होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस लगातार विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है।
यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं और तेज रफ्तार से बचें। सड़क पर सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है, ताकि स्वयं और दूसरों की जान सुरक्षित रखी जा सके।
