रायपुर । शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट के तहत यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के निर्देश पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे की हालत में वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और चालक अपने साथ-साथ दूसरों के जीवन को भी जोखिम में डालता है।
इसी क्रम में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस वर्ष जनवरी से अब तक लगभग 1100 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, जिन्हें शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया।
वहीं 14 मार्च 2026 की रात एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में शहर के आठ स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए शराब पीकर वाहन चलाते हुए 132 चालकों को पकड़ा।
पुलिस ने सभी के खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए उन्हें सोमवार को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और नशे में वाहन न चलाने की अपील की है।
