जशपुर। जिले में एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से दो भाई-बहन की मौत हो गई। घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिया में रविवार शाम को हुई, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कलिया निवासी जितेन्द्र दास के दो बच्चे विष्णु दास (9 वर्ष) और योगिता दास (12 वर्ष) जंगल में महुआ बीनने गए थे। महुआ बीनकर लौटते समय दोनों गांव के तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान विष्णु का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
भाई को डूबता देख बहन योगिता उसे बचाने के लिए तुरंत तालाब में कूद गई, लेकिन वह भी गहरे पानी में चली गई। देखते ही देखते दोनों पानी में डूब गए और इस दर्दनाक हादसे में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
