रायपुर। नगर पालिक निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेशानुसार एवं जोन 5 जोन कमिश्नर खीर सागर नायक के निर्देशानुसार नगर निगम जोन 5 स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने हेतु सख्त कार्रवाई की गई। भक्त माता कर्मा वार्ड क्रमांक 67 अंतर्गत सड़क किनारे पान ठेला, फल दुकान, समोसा-चाट दुकान लगाकर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर औचक निरीक्षण के दौरान कार्रवाई की गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर निरीक्षण कर स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 12 दुकानदारों पर 5200 रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही संबंधित दुकानदारों को भविष्य में दोबारा गंदगी न फैलाने एवं नियमों का पालन करने की कड़ी चेतावनी दी गई।
इस कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक दिलीप साहू, प्रेम मानिकपुरी तथा स्वास्थ्य विभाग के वनीष दुबे उपस्थित रहे। विभाग द्वारा प्राप्त स्वच्छता संबंधी जनशिकायतों का त्वरित निराकरण जोन स्तर पर किया गया।
इसके अतिरिक्त सड़क पर अवैध रूप से कब्जा कर व्यवसाय कर रहे लगभग 5 ठेलों को हटाकर मार्ग को कब्जा मुक्त किया गया, जिससे आवागमन सुचारु हो सका। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आगे भी स्वच्छता व अतिक्रमण के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।
