दंतेवाड़ा । जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र में बास्तानार घाट के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही देर में आग का गोला बन गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना नेशनल हाईवे-63 पर हुई, जिसके कारण कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति भी बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार से पहले धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि वाहन पूरी तरह जलने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही कोड़ेनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया, जिसने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे से गुजरने वाले लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।
