नई दिल्ली। इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव चौथे दिन भी तेज बना हुआ है। इस बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने दुनिया की तेल आपूर्ति के अहम समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है।
सरकारी टीवी पर IRGC के एक अधिकारी ने कहा कि यदि कोई जहाज इस रास्ते से गुजरने की कोशिश करेगा तो उसे रोका जा सकता है और निशाना भी बनाया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि भारत का करीब 50 प्रतिशत कच्चा तेल इसी मार्ग से आता है, ऐसे में इस दावे का वैश्विक ऊर्जा बाजार पर बड़ा असर पड़ सकता है।
हालांकि अमेरिकी पक्ष ने ईरान के दावे को खारिज किया है। यूएस सेंट्रल कमांड के हवाले से फॉक्स न्यूज ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट फिलहाल बंद नहीं है। संघर्ष में अब तक ईरान में 742 लोगों की मौत और 750 से अधिक के घायल होने की खबर है, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं।
