रायपुर। वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग की खुफिया इकाई Directorate General of GST Intelligence (DGGI) रायपुर जोनल यूनिट ने कर चोरी के एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी Aman Singh को गिरफ्तार किया है। कबीर नगर, रायपुर निवासी अमन सिंह पर करीब 12.5 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का आरोप है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को विभाग की तकनीकी जांच के आधार पर 14 मार्च को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने Hindustan Corporation के नाम से एक फर्जी फर्म बना रखी थी। जब डीजीजीआई की टीम ने फर्म के घोषित व्यावसायिक पते की जांच की, तो वहां उसका कोई भौतिक अस्तित्व नहीं मिला। इससे स्पष्ट हुआ कि यह फर्म केवल कागजों में संचालित की जा रही थी।
आरोपी का मुख्य तरीका बिना माल की वास्तविक आपूर्ति किए फर्जी इनवॉइस जारी करना था। इस माध्यम से उसने न केवल करोड़ों की टैक्स चोरी की, बल्कि कई अन्य फर्मों को गलत तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ भी दिलाया। विभाग के अनुसार इस पूरे फर्जीवाड़े से सरकारी खजाने को लगभग 12.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए अमन सिंह करीब एक साल तक फरार रहा और उसने जांच अधिकारियों द्वारा जारी कई समनों की भी अनदेखी की। गिरफ्तारी के बाद उसे रायपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल डीजीजीआई की टीम पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
