रायपुर । रायपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला सहित दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5.260 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 2.63 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (A.N.T.F.) और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में की गई।
होटल के पास दबिश, मौके पर गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र में राजपूताना होटल के सामने एक महिला और एक पुरुष बैग में गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कैलाश कुशवाहा (40 वर्ष) और पूजा पटेल (30 वर्ष), निवासी भोपाल, मध्यप्रदेश बताया। तलाशी के दौरान उनके बैग से गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से गुजरात ले जाने की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर गुजरात के अहमदाबाद तक तस्करी करने की योजना बना रहे थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ गंज थाना में नारकोटिक एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जा सके।
छत्तीसगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
