रायपुर। राजधानी के फाफाडीह क्षेत्र में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। 5 मार्च की सुबह करीब 10 बजे पुलिस को खारुन विहार स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पीछे नाले के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मध्य जोन डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, कोतवाली एसीपी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच में मृतक की पहचान राजा साहू (25) निवासी चुनाभट्ठी, थाना गंज क्षेत्र के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि राजा सुबह करीब 8 बजे परिचित युवक के साथ घर से निकला था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चुनाभट्ठी निवासी बिट्टू यादव (19) राजा के साथ जाते और घटनास्थल के पास दिखाई दिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि गाड़ी में हुए नुकसान के पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद था। बहस बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में राजा पर हमला कर दिया और फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
