रायगढ़। जिले के छाल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जंगल में एक ही पेड़ से प्रेमी-प्रेमिका के शव फंदे पर लटके मिले। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह एडूकला गांव के ग्रामीण महुआ बीनने जंगल गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके दो शवों पर पड़ी। भयभीत ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही छाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतारकर कब्जे में लिया।
मृतकों की पहचान रामकुमार अगरिया (25 वर्ष) और परमेश्वरी अगरिया (20 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है, हालांकि घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
शासिमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
