रायपुर। आरंग विकासखंड के भलेरा सहकारी समिति के धान खरीदी केंद्र में धान के स्टैक को पानी से भिगोने की शिकायत को कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने गंभीरता से लिया है। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन कर तत्काल मौके पर पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जांच टीम मौके पर जाकर वस्तुस्थिति की जांच करे और यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।
जानकारी के अनुसार सहायक आयुक्त विनय शुक्ला के नेतृत्व में सहकारिता विस्तार अधिकारी सुमित डडसेना और सहकारिता निरीक्षक अशोक साहू की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर धान के स्टैक, भंडारण व्यवस्था और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रही है।
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी में पारदर्शिता और किसानों के हितों की रक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गड़बड़ी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
