मुंगेली । मुंगेली और पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में निकाली जा रही ‘छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथ यात्रा’ को लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज के बैनर तले आयोजित इस यात्रा में किसानों के साथ बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं भी शामिल हो रहे हैं।
सभा को संबोधित करते हुए राज्य निर्माण सेनानी लालाराम वर्मा ने कहा कि बाहरी शोषकों द्वारा छत्तीसगढ़ी महतारी की प्रतिमा को खंडित किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि तुमगांव स्थित करणी कृपा पावर प्लांट के प्रबंधन के इशारे पर महासमुंद के प्रशासनिक अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ी महतारी की प्रतिमा को थाना परिसर में रख दिया। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर रथ यात्रा के माध्यम से पूरे प्रदेश में जनजागरण किया जा रहा है।
किसान नेता अनिल दुबे और महेंद्र कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों और ब्लॉकों से इस यात्रा को भरपूर समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग संगठन की सदस्यता भी ग्रहण कर रहे हैं। इस दौरान रवि चंद्रवंशी, सुंदर कौशिक, भगत वर्मा और राधे चंद्राकर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार यह रथ यात्रा छत्तीसगढ़िया अस्मिता की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है।
