रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने तत्कालीन मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में उप सचिव रहीं सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है। EOW द्वारा अदालत में प्रोडक्शन वारंट पेश किए जाने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। सौम्या चौरसिया को 16 जनवरी तक रिमांड पर भेजा गया है, इस दौरान उनसे घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन पूछताछ की जाएगी।
इससे पहले सौम्या चौरसिया ने गिरफ्तारी की आशंका को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे 15 जनवरी को खारिज कर दिया गया। जमानत खारिज होते ही EOW ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया।
शराब घोटाला वर्ष 2019 से 2022 के बीच का बताया जा रहा है, जब राज्य में कांग्रेस की सरकार थी। जांच एजेंसियों के अनुसार घोटाले की राशि करीब 2,800 से 3,200 करोड़ रुपये के बीच है। आरोप है कि शराब आपूर्तिकर्ताओं से अवैध कमीशन वसूला गया, नकली होलोग्राम के जरिए बिना रिकॉर्ड के शराब बेची गई और डिस्टिलर्स से लाइसेंस के बदले घूस ली गई।
EOW और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की संयुक्त जांच में सौम्या चौरसिया को धन के लेन-देन का प्रमुख समन्वयकर्ता बताया गया है। उनकी गिरफ्तारी से इस हाई-प्रोफाइल घोटाले में अन्य बड़े नामों के उजागर होने की संभावना बढ़ गई है।
