रायपुर। एम्स में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 25 वर्षीय युवती से छह लाख रुपये ठगने और दुष्कर्म कर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पांडातराई निवासी रितेश चंद्राकर (26) ने दो वर्ष पहले सोशल मीडिया के जरिए युवती से दोस्ती की। उसने खुद को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर में कार्यरत बताकर ऊंची पहुंच होने का दावा किया और नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि उसने अलग-अलग किस्तों में करीब छह लाख रुपये लिए और विश्वास जमाने के लिए फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दिया।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने आमानाका स्थित एक होटल में बुलाकर दुष्कर्म किया और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। दस्तावेज फर्जी मिलने पर युवती ने अमनाका थाने में शिकायत दर्ज कराई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ठगी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई शुरू की है।
