बालोद। जिले में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी साजा क्षेत्र से चोरी किए गए ऑटो में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर दिन में रेकी करते थे और रात के समय सूने मकानों में सेंधमारी कर जेवरात व नकदी पर हाथ साफ करते थे।
थाना गुण्डरदेही में ग्राम ओटेबंद निवासी प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने रात में उसके मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुण्डरदेही थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। साथ ही डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई। प्रकरण में अपराध क्रमांक 358/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्रिनयन एप के माध्यम से सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में संदिग्ध ऑटो की पहचान हुई, जिसकी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। गुण्डरदेही से भिलाई तक के सीसीटीवी खंगालने के बाद पुलिस ने भिलाई में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, चोरी का ऑटो, तीन मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त कटर बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
आरोपियों का नाम और पता :-
- अब्दुल वहिद उर्फ तलवार पिता अब्दुल हामिद उम्र 43 वर्ष पता गुरूघासीदास नगर जामुल हाल सुपेला इमाम चौक जिला भिलाई जिला दुर्ग.
- लितेश टण्डन पिता अंकलहा दास उम्र 30 वर्ष पता- शारदा पारा कैम्प 02 भिलाई थाना छावनी जिला दुर्ग.
- प्रेम शंकर साहू पिता संतोष साहू उम्र 24 वर्ष पता शारदा पारा केम्प 2 थाना छावनी भिलाई जिला दुर्ग.
- पीयुष कुमार नंदी उर्फ सत्यम पिता स्व. सुबोतो कुमार नंदी उम्र 25 साल पता शारदा पारा कबीर कुटटी कैम्प 02 भिलाई थाना छावनी जिला दुर्ग.
