अपराध और हादसाछत्तीसगढ़देश दुनियांराजनीति और चुनाव

कांकेर में भालू के हमले से दो ग्रामीणों की मौत, परिजनों को मिलेगा 6-6 लाख रुपये मुआवजा; घायल महिला रायपुर रेफर

उत्तर बस्तर कांकेर जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र के मरकाटोला गांव में मादा भालू के हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। वन विभाग ने मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये की सहायता राशि देने और भालू का सुरक्षित रेस्क्यू कर नवा रायपुर जंगल सफारी भेजने की जानकारी दी।

उत्तर बस्तर कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भालू के हमले की दर्दनाक घटना सामने आई है। नरहरपुर (दक्षिण) वन परिक्षेत्र के ग्राम मरकाटोला में मादा भालू के हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए रायपुर हायर सेंटर भेजा है।

वन मंडलाधिकारी रौनक गोयल ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को हुए इस हमले में हलालखोर (36 वर्ष) और चमरिनबाई (48 वर्ष) की मौत हो गई। शासन के नियमानुसार दोनों मृतकों के परिजनों को वन्य प्राणी जनहानि मुआवजा योजना के तहत 6-6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त वन अमले की तैनाती कर दी गई। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा गांव और आसपास के इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

वन विभाग ने बताया कि हमले के लिए जिम्मेदार मादा भालू का विशेषज्ञों की टीम द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल सफारी, नवा रायपुर भेज दिया गया है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे घटना स्थल और उससे लगे वन क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं। किसी भी स्थिति में भालू को छेड़ने, नुकसान पहुंचाने या उसके फोटो और वीडियो बनाने का प्रयास न करें तथा वन विभाग के निर्देशों का पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button