अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 1.91 लाख की ठगी, भिलाई से आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 1 लाख 91 हजार 500 रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को बस्तर पुलिस ने भिलाई से गिरफ्तार किया है।

आरोपी ने खुद को रायपुर मंत्रालय में अच्छी पहुंच वाला बताकर फूड इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। शिकायत के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान लारेन्स एन्थोनी कुज के रूप में हुई है। उसने जगदलपुर निवासी विनोद पानीग्राही को मंत्रालय में अपनी पहचान का हवाला देते हुए सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी की बातों पर विश्वास कर पीड़ित ने विभिन्न किस्तों में फोनपे (PhonePe) के माध्यम से कुल 1 लाख 91 हजार 500 रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए।

राशि लेने के बावजूद आरोपी न तो नौकरी दिला सका और न ही पैसे लौटाए। काफी समय तक टालमटोल करने के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन भिलाई में ट्रेस की गई।

इसके बाद बस्तर पुलिस की टीम ने भिलाई में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे जगदलपुर लाया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button