बिलासपुर। जिले के गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में चल रहे हाईप्रोफाइल जुआ फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीएसपी सिविल लाइन और एसडीओपी कोटा की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को लंबे समय से फार्म हाउस में बड़े स्तर पर जुआ खिलाए जाने की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से रेड कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने फार्म हाउस संचालक मनीष शर्मा समेत रोशन सिंह, मुन्ना गोयल, विकास सिंह, नीरज शर्मा, दीपक अग्रवाल, चंद्रकिशन अग्रवाल और मयंक सोनकर को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 80 हजार रुपए नगद, 11 मोबाइल फोन और 5 चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फार्म हाउस में लंबे समय से हाईप्रोफाइल जुए का संचालन किया जा रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी और जुआ खेलते आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस जुआ नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
